Home दुर्ग-भिलाई बैगा पारा मिनी स्टेडियम परिसर में नशेड़ियों के प्रवेश पर तत्काल रोक...

बैगा पारा मिनी स्टेडियम परिसर में नशेड़ियों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए -मुकेश साहू

9
0

दुर्ग. बैगा पारा स्थित मिनी स्टेडियम, जो स्थानीय युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होना चाहिए, वर्तमान में अत्यंत दयनीय स्थिति का सामना कर रहा है। स्टेडियम परिसर में लगातार नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे न केवल वातावरण असुरक्षित हो गया है, बल्कि सामाजिक एवं खेल संबंधी गतिविधियाँ भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।

इसके अतिरिक्त, नगर निगम द्वारा इस स्टेडियम को विवाह एवं अन्य निजी आयोजनों के लिए उपलब्ध कराए जाने के कारण इसकी स्थिति और अधिक खराब हो गई है। ऐसे आयोजनों के पश्चात परिसर में व्यापक अव्यवस्था एवं गंदगी फैल जाती है, जिसकी नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं की जाती। परिणामस्वरूप, स्टेडियम का उपयोग खेल गतिविधियों के लिए करना अत्यंत कठिन हो गया है।

इस गंभीर समस्या के संबंध में दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मुकेश साहू द्वारा महापौर को पूर्व में शिकायत भी की जा चुकी है, किन्तु अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। इससे स्थानीय युवाओं में गहरा असंतोष व्याप्त है।

दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मुकेश साहू ने प्रशासन एवं नगर निगम को पत्र लिखकर मांग की है कि स्टेडियम परिसर में नशेड़ियों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। साथ ही, विवाह एवं अन्य निजी आयोजनों हेतु स्टेडियम के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाए अथवा इसके लिए स्पष्ट एवं सख्त नियम बनाए जाएं। इसके अतिरिक्त, नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके और वे अपने खेल कौशल का समुचित विकास कर सकें।

मुकेश साहू ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही नहीं की जाती है, तो स्थानीय नागरिक एवं खिलाड़ीगण जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।