Home छत्तीसगढ़ गाजे-बाजे के साथ नगर में तिरंगा यात्रा, नागरिकों में भरा देशभक्ति का...

गाजे-बाजे के साथ नगर में तिरंगा यात्रा, नागरिकों में भरा देशभक्ति का उत्साह

2
0

राजनांदगांव। हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं शनि देव धाम मंदिर समिति, रानी सागर के संयुक्त तत्वाधान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। शहरभर के विद्यार्थी, युवा और नागरिक इसमें शामिल होकर देशभक्ति की भावना से लबरेज़ हो उठे।
यात्रा की शुरुआत शनि देव धाम मंदिर प्रांगण से हुई, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया गया। सैकड़ों की संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और युवा हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से नगर को गूंज उठाया।
यात्रा में आकर्षक झांकियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और वीरता की झलक पेश की। छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य और पारंपरिक वेशभूषा में सज्ज कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मार्ग में डीजे, बैंड और धूमल की धुनों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
नगर के नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में शामिल सभी के लिए स्वादिष्ट प्रसाद और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदू नव वर्ष हमारी संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव की भावना मजबूत होती है। जिला संयोजक धनंजय पांडे ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज में एकता और अखंडता का संदेश देती है।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी में संस्कार एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
यात्रा ने न केवल नगर को देशभक्ति की अनुभूति से भर दिया, बल्कि यह सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का भी अद्भुत उदाहरण बनकर उभरी।