राजनांदगांव। ठाकुरटोला स्थित संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दीपावली उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रंगोली, तोरण निर्माण, दीया सजाओ और बिना आग के व्यंजन बनाने जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर ने प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने रंगों, दीपों और सजावटी सामग्री के माध्यम से दीपावली के उल्लास को अभिव्यक्त किया।
दीया सजाओ प्रतियोगिता में बीएड प्रथम वर्ष की हिमांचली ने प्रथम, हिमांशी ने द्वितीय और पवित्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
तोरण बनाओ प्रतियोगिता में बीएड प्रथम वर्ष की दीपशिखा प्रथम स्थान पर रहीं। काजल और निशा ने द्वितीय तथा डीएलएड प्रथम वर्ष के केशरी और कामेश ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बिना आग के व्यंजन बनाने की प्रतियोगिता में बीएड प्रथम वर्ष की जशोमती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डीएलएड प्रथम वर्ष की देविका, अमृता और लक्ष्मी ने द्वितीय तथा बीएड प्रथम वर्ष की वेनुस और कमलेश्वरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
रंगोली प्रतियोगिता में डीएलएड द्वितीय वर्ष की भूमिका, नंदिनी और खुशी देवांगन की टीम प्रथम रही। खुशी वैष्णव, दिव्या, अंचल और ललिता की टीम ने द्वितीय तथा गुंजा और वेणु की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, एकता और रचनात्मकता को बढ़ावा मिलता है। यह पर्व ज्ञान, सत्य, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।



