Home छत्तीसगढ़ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: महिला सम्मेलन एवं पोषण मेला का आयोजन : उत्कृष्ट...

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: महिला सम्मेलन एवं पोषण मेला का आयोजन : उत्कृष्ट कार्य के लिए महिलाओं का हुआ सम्मान

86
0

    रायपुर, 09 मार्च 2021

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जांजगीर-चांपा जिले में सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में जांजगीर के कचहरी चौक स्थित सांस्कृतिक भवन में महिला सम्मेलन एवं पोषण मेले का आयोजन किया गया। सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है वहां, नारायण बसते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं धैर्य, सामर्थ्य, शक्ति, सहनशीलता की प्रतीक महिला हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा अनेक कानून बनाए गए हैं।

      श्रीमती महंत ने कहा कि ईश्वर की श्रेष्ठ रचना है महिला। महिलाओं का गौरवशाली इतिहास रहा है। वे जागरूक होकर अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी, मदर टेरेसा का उदाहरण देते हुए महिलाओं को अपनी जागरूकता का परिचय देने के लिए प्रेरित किया।
        कार्यक्रम में खेल, कृषि, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें के छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 92 महिला स्व-सहायता समूहो को ऋण की स्वीकृति दी गयी। इसी प्रकार सक्षम योजना में 11 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृत किया गया। सेवा निवृत्त दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उपादान राशि 50 हजार रूपए का चेक दिया गया।

    आज आयोजित रस्सा-कस्सी, रंगोली, पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के प्रतिभागी पुरस्कृत हुए। इसके अलावा वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान उत्कृष्ट सेवा करने वाली महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। सांसद श्रीमती महंत ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान पोष्टिक आहार, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए आकर्षक रंगोली की तारीफ हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यनिता चन्द्रा, सदस्य एवं सभापति श्रीमती जयाकांता, श्रीमती कुसुम साव, नगर पालिका जांजगीर-नैला की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती नीता थवाईत, अपर कलेक्टर श्रीमती लीना कोसम, एसडीएम श्रीमती मेनका प्रधान, श्रीमती तान्या, शेषराज हरबंस सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।