राजनांदगांव। सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जेन-जी युवा वर्ग ने 20 सितंबर को रायपुर में ‘संवैधानिक आरक्षण बचाओ रैली’ निकालने का आह्वान किया है। आयोजकों के अनुसार रैली दोपहर 2 बजे अंबेडकर चौक से शुरू होकर राजभवन तक जाएगी। अभियान का मुख्य नारा ‘आरक्षण बचाओ मुहिम’ रखा गया है।
आयोजकों का कहना है कि रैली के माध्यम से अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के संवैधानिक अधिकारों, प्रतिनिधित्व, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। अभियान से जुड़े नरेंद्र मंडावी, राहुल नेताम, संदीप सुरेश रावते, रोहित घाराना, पुरंदर उइके, रोम सिंह मंडलोई, मेघनाथ भुआर्या और एचआर ठाकुर सहित युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों की मांगों में एससी-एसटी वर्ग के लिए पदोन्नति में आरक्षण से संबंधित नियम-5 को पुनः अधिसूचित कर लागू करना शामिल है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के संबंधित अंतरिम आदेशों के अनुरूप पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट के रिकॉर्ड में छत्तीसगढ़ से जुड़े आरक्षण मामलों में 1 मई 2023 के अंतरिम आदेश का उल्लेख मिलता है।
आयोजकों ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा अधिनियम 1994 और आरक्षण रोस्टर का पालन करने की मांग की है। सामान्य प्रशासन विभाग के 6 जुलाई 2026 के आदेश के तहत एससी, एसटी और ओबीसी के लंबित बैकलॉग पदों को भरने तथा ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत और एससी वर्ग के लिए 13 प्रतिशत लंबित आरक्षण लागू करने की मांग भी रखी गई है।
इसके अलावा आउटसोर्सिंग, संविदा और प्लेसमेंट के माध्यम से होने वाली भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने की मांग की गई है।
आयोजकों ने अधिकारी-कर्मचारी, राजनीतिक प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और सामाजिक संगठनों से 20 सितंबर को रायपुर पहुंचकर रैली में शामिल होने की अपील की है।



