Home खेल मेजर ध्यानचंद जयंती पर निकला खिलाड़ियों का हुजूम, नई प्रतिमा और नए...

मेजर ध्यानचंद जयंती पर निकला खिलाड़ियों का हुजूम, नई प्रतिमा और नए एस्ट्रोटर्फ की मिली सौगात

2
0

राजनांदगांव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (राष्ट्रीय खेल दिवस) नगर में हर्षोल्लास से मनाई गई। प्रातः 7:30 बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से निकाली गई भव्य रैली नगर भ्रमण कर गौरव पथ स्थित मेजर ध्यानचंद स्मारक पहुंची, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात स्टेडियम में संगोष्ठी और सद्भावना मैचों का आयोजन हुआ।

ध्यानचंद की नई प्रतिमा और नया एस्ट्रोटर्फ लगेगा: मधुसूदन यादव
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते थे। उन्होंने घोषणा की कि शहर में जल्द ही नया एस्ट्रोटर्फ लगेगा, राष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन होगा तथा मेजर ध्यानचंद स्मारक का जीर्णोद्धार कर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने महक निर्वासे, रेणुका यादव और ज्ञानेश्वरी यादव जैसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए नई पीढ़ी से पूरी जिम्मेदारी के साथ खेलने का आह्वान किया।

1971 में ध्यानचंद ने राजनांदगांव को कहा था ‘हॉकी की नर्सरी’
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने याद दिलाया कि मेजर ध्यानचंद 1971 में राजनांदगांव आए थे। यहां बच्चों में हॉकी का जुनून देखकर उन्होंने इस शहर को ‘हॉकी की नर्सरी’ का नाम दिया था। वहीं कार्यक्रम के अध्यक्ष व निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर खेलने का संदेश दिया।

सद्भावना मैच: खेलो इंडिया और DHA की जीत
आयोजन के दौरान खेले गए सद्भावना मैचों में बालक वर्ग में ‘खेलो इंडिया सेंटर’ ने राजनांदगांव इलेवन को 3-2 से हराया। वहीं बालिका वर्ग में ‘डीएचए राजनांदगांव’ ने खेलो इंडिया सेंटर को 4-1 से पराजित कर जीत दर्ज की।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन फिरोज अंसारी और आभार प्रदर्शन जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता ने किया। इस दौरान रमेश डाकलिया, भूषण साव, वीरेंद्र सिंह भाटिया, आशा थॉमस, शबनम अंसारी, पार्षद छोटेलाल रामटेके, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और खिलाड़ी मौजूद थे।