राजनांदगांव। कोरिया जिले में हुए चर्चित जघन्य हत्याकांड को लेकर राजनांदगांव में भी लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोमवार को शहर के मानव मंदिर चौक पर समाज के लोगों ने बरसते पानी के बीच गृह मंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
करणी सेना और सर्व राजपूत समाज ने समाज मानव मंदिर चौक पर सर्वप्रथम घटनाक्रम में मारे गए समाज के लोगों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी, इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन और गृह मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
बता दें कि राजपूत समाज इस घटनाक्रम से काफी आहत है और लगातार प्रदेश भर में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
इस दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय बहादुर सिंह ने कहा कि यह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला जघन्य अपराध है। उन्होंने करणी सेना की ओर से मांग रखी है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके और दोषियों को शीघ्र कठोर दंड दिया जा सके।
प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के पदाधिकारियों ने आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है। प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त और उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी कानून अपने हाथ में लेने का साहस न कर सके।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. अमन बहादुर ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और निर्णायक कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करने की मांग भी की गई है।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री मानवेंद्र सिंह, भिलाई जिला अध्यक्ष अमित सिंह, भिलाई सोशिल मीडिया प्रभारी अंश, 1282 युवा विंग अध्यक्ष विवेक ठाकुर, मोनू ठाकुर, सचिन, रोहन सिंह, कपिल सिंह, राहुल, यशवंत, अजय कुशवाहा, प्रिंस सिंह, संजय सिंह राजपूत, डॉ. सूर्यबाला सिंह, निशा सेंगर, रीना सिंह, नीमा राजावत, कनकलता सिंह, सुधा पवार, स्वाति चौहान आदि मौजूद रहे।



