Home छत्तीसगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीवनदान सेवा संस्था की रात्रिकालीन नि:शुल्क जल सेवा संपन्न,...

रेलवे स्टेशन पर जीवनदान सेवा संस्था की रात्रिकालीन नि:शुल्क जल सेवा संपन्न, स्टेशन मास्टर का किया गया सम्मान

2
0

राजनांदगांव। यात्रियों को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर संचालित जीवनदान सेवा संस्था की रात्रिकालीन नि:शुल्क जल सेवा का समापन हो गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्टेशन मास्टर को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

विगत 4 वर्षों से निरंतर सेवा दे रही जीवनदान सेवा संस्था ने इस वर्ष भी सेवा की एक नई मिसाल पेश की है। वर्ष 2026 में यह अभियान 30 अप्रैल से शुरू होकर 20 जून तक अनवरत चला। इस सेवा कार्य के तहत रात के समय स्टेशन से गुजरने वाले हजारों मुसाफिरों को ठंडा जल उपलब्ध कराया गया।

भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से यात्रियों को डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) से बचाने के लिए संस्था द्वारा इस वर्ष अनूठी पहल की गई। ठंडे पानी के साथ-साथ यात्रियों को लगभग 4,000 पैकेट ओआरएस (इलेक्ट्रॉल पाउडर) का नि:शुल्क वितरण किया गया, जिससे सफर कर रहे लोगों को काफी राहत मिली।

जल सेवा के समापन अवसर पर संस्था ने पूरे रेलवे प्रशासन का सम्मान किया। पदाधिकारियों ने कहा कि स्टेशन प्रबंधन के सहयोग के बिना यह पुनीत कार्य संभव नहीं था।

संस्था का संकल्प: “जीवनदान सेवा संस्था पिछले 4 वर्षों से यह सेवा दे रही है और आगामी वर्षों में भी रेलवे स्टेशन पर रात्रिकालीन जल सेवा का यह सफर निरंतर जारी रहेगा।”

इस समापन और सम्मान कार्यक्रम में मुख्य रूप से हिंदू जागरण मंच के सुशील लड्ढा सहित जीवनदान सेवा संस्था से महेंद्र जंघेल, हरीश भानुशाली, विजय राठौर, संतोष श्रीवास्तव, मनोज कुमार टेमरे, महेश्वर जंघेल, राकेश साहू, ऋषि गुलाब वर्मा और यशवंत देवांगन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।