Home छत्तीसगढ़ अचानकपुर रहेगा अब ‘तीसरी आंख’ की निगरानी में

अचानकपुर रहेगा अब ‘तीसरी आंख’ की निगरानी में

16
0

गांव में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 101 वर्षीय बुजुर्ग ने किया लोकार्पण

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम अचानकपुर अब सुरक्षा और जागरूकता के मामले में मिसाल बनेगा। गांव में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे हर गली और चौक पर अब ‘तीसरी आंख’ की नजर रहेगी। कैमरों का लोकार्पण गांव के सबसे बुजुर्ग नागरिक तिजऊ राम साहू (101 वर्ष) द्वारा फीता काटकर किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पँचायत एवं महिला , बाल विकास विभाग द्वारा किया गया, जिसमें विभाग ने गांव में ‘नारी अदालत’ का गठन भी किया। विभाग की परियोजना अधिकारी छाया वर्मा ने नारी अदालत के उद्देश्य और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को साइबर अपराध और सुरक्षा जागरूकता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से न सिर्फ अपराधों पर रोक लगेगी, बल्कि गांव में सुरक्षा का नया वातावरण बनेगा।

इस मौके पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जनपद सदस्य प्रणव शर्मा, अतिरिक्त सीईओ श्वेता यदु, परियोजना अधिकारी छाया वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

गांव में इतने बड़े स्तर पर सीसीटीवी लगाने की पहल करने वाले युवा सरपंच देवानंद साहू की ग्रामीणों और अधिकारियों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि यह पहल गांव में सुरक्षा, पारदर्शिता और आधुनिकता की दिशा में बड़ा कदम है।