भारत की पहली महिला सुपरहीरो फिल्म ‘लोका चैप्टर 1’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। यह फिल्म 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज होने के सिर्फ 11 दिनों के अंदर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 82 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है। फिल्म में चंद्रा नाम की एक लड़की की कहानी दिखाई गई है। चंद्रा के पास अलौकिक शक्तियां हैं। इस किरदार को कल्यानी प्रियदर्शन ने निभाया है। हाल ही में उन्होंने फिल्म के निर्माता के बारे में एक खुलासा किया है।
कल्याणी ने दुलकर सलमान के बारे में खुलासा किया
पोस्ट-कट क्लैरिटी को दिए एक इंटरव्यू में कल्याणी प्रियदर्शन ने फिल्म के निर्माता दुलकर सलमान के बारे में कहा ‘उन्होंने (दुलकर) मुझे फोन किया और कहा मुझे इस फिल्म पर पैसे गंवाने की परवाह नहीं। मुझे बस खुशी है कि हमने एक अच्छी फिल्म बनाई। हमें यकीन था कि हमने एक अच्छी फिल्म पर काम किया है। यह दर्शकों को पसंद आएगी या नहीं, यह हमारे हाथ में नहीं था। आंकड़ों पर ध्यान ही मत दो। बस इतना जान लो कि मैं एक निर्माता के तौर पर बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि फिल्म दर्शकों को ढूंढ ही लेती है।’
दुलकार सलमान ने फिल्म को विस्तार दिया
कल्याणी ने बताया ‘शुरुआत में यह एक छोटी सी फिल्म थी और इसे सिर्फ चंद्रा की कहानी माना जा रहा था। जब दुलकर आए, तो उन्होंने इसमें संभावनाएं देखीं। उन्होंने सोचा हमारे पास इतने सारे किरदार हैं, शायद हम किसी और से शुरुआत कर सकते हैं। लेकिन उन्होंने कहा नहीं, यह चंद्रा की कहानी है। चलो उसी से शुरुआत करते हैं।’ इस तरह से उन्होंने फिल्म बनाई।
फिल्म के बारे में
फिल्म ‘लोका चैप्टर 1’ मलयालम की फिल्म है। इसमें कल्याणी प्रियदर्शन के अलावा नस्लेन, सैंडी, अरुण कुरियन, चंदू सलीम कुमार, निशांत सागर, रघुनाथ पलेरी, विजयराघवन और निथ्या श्री ने अभिनय किया है। इस फिल्म का निर्देशन डोमिनिक अरुण ने किया है। इसका निर्माण दुलकर सलमान ने अपने बैनर वेफरर फिल्म्स के तहत किया है।



