Home Uncategorized जिले में 60 गोठानो से 38 हजार क्विंटल गोबर की हुई खरीदी,वंही...

जिले में 60 गोठानो से 38 हजार क्विंटल गोबर की हुई खरीदी,वंही 229 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद का किया उत्पादन।

178
0

कुशल चोपड़ा बीजापुर

बीजापुर-बीजापुर जिले में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी गोधन योजनान्तर्गत 60 गौठानों में अब तक 37 हजार 862 क्विंटल गोबर की खरीदी की गयी है।वहीं क्रय किये गये गोबर का 74 लाख रूपए से अधिक की राशि का भुगतान गोबर विक्रेताओं को किया गया है।इन गौठानों में महिला समूहों द्वारा अभी तक 229 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर कृषि एवं रेशमपालन विभाग को 60 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया गया है।

उप संचालक कृषि बीजापुर पीएस कुसरे ने इस बारे में बताया कि कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में गोधन न्याय योजनान्तर्गत 60 गौठानों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा अब तक 37 हजार 862 क्विंटल गोबर की खरीदी की गयी है और उक्त क्रय किये गये गोबर से अब तक 229 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार किया गया है। वहीं वर्तमान में विभिन्न गौठानों में 640 वर्मी टांकों में कम लागत तकनीक के जरिये वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिससे आगामी 3 महीने में करीब 12 हजार 158 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार होगा,इस वर्मी कम्पोस्ट खाद का उपयोग आगामी खरीफ सीजन के लिए किया जायेगा।उन्होने बताया कि गौठानों में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट खाद को वन,उद्यान,कृषि,रेशम इत्यादि विभागों के अलावा मुख्य रूप से कृषकों को सहकारी समितियों के माध्यम से विक्रय किया जायेगा।इस दिशा में कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

किसानों को वर्मी कम्पोस्ट खाद का उपयोग कर जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।इस हेतु कार्ययोजना तैयार कर जिले के हरेक ब्लाक में किसान संगोष्ठी कर फसल ऋण,कृषि आदान सामग्री एवं वर्मी कम्पोस्ट खाद की सुलभता के लिए किसानों को अवगत कराया जा रहा है।उपसंचालक कृषि श्री कुसरे ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजनान्तर्गत गौठानों में महिला समूहों तथा ग्रामीणों द्वारा वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार करने सहित साग-सब्जी उत्पादन, कुक्कुटपालन, चारा उत्पादन इत्यादि मल्टी एक्टीविटी कार्य किये जा रहे हैं।जिससे महिलाओं तथा ग्रामीणों में आत्मनिर्भरता बढ़ रही है।