Home छत्तीसगढ़ सहसपुर दल्ली में गरबा उत्सव की धूम, भक्ति गीतों पर थिरके श्रद्धालु

सहसपुर दल्ली में गरबा उत्सव की धूम, भक्ति गीतों पर थिरके श्रद्धालु

9
0

राजनांदगांव। नवरात्र पर्व के अवसर पर सहसपुर दल्ली में महाकाल ग्रुप की ओर से 14 एवं 15 अक्टूबर को दो दिवसीय गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। मां दुर्गा की आराधना को समर्पित इस आयोजन में भक्ति, आस्था और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। पारंपरिक गरबा नृत्य और आकर्षक साज-सज्जा के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। गरबा की धुन पर थिरकते प्रतिभागियों ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवी रंग में रंग दिया।

गरबा उत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने मां दुर्गा की आराधना के साथ गरबा नृत्य किया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता ने उत्सव को खास बना दिया।

महाकाल ग्रुप की संरक्षिका एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रलेखा वर्मा ने कहा कि गरबा उत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से लोगों को एक-दूसरे के साथ जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी भारतीय लोकपरंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होती है।

उन्होंने कहा कि गरबा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का भी माध्यम है। इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव और एकता की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में सहसपुर दल्ली की सरपंच गायत्री गंधर्व, भैंसातरा पंचायत से अंजली आशीष वर्मा, नागलदाह के सरपंच सतीश नादम, टोलागांव के सरपंच देवेंद्र साहू, बढ़ई टोला से योगेश वर्मा, कीर्तन नागपुरे और हेमंत वैष्णव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महाकाल ग्रुप के इस आयोजन में क्षेत्रवासियों ने धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उत्साह दिखाया। दो दिनों तक चले गरबा उत्सव ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश दिया। आयोजन की जानकारी हेमंत वैष्णव ने दी।