Home छत्तीसगढ़ मां दुर्गा की आराधना के साथ नवरंग गरबा नाइट का शुभारंभ, पहले...

मां दुर्गा की आराधना के साथ नवरंग गरबा नाइट का शुभारंभ, पहले दिन जमकर थिरके युवा

3
0

राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से ही शहर में गरबा महोत्सव की धूम शुरू हो गई है। नवरंग गरबा नाइट ग्रुप की ओर से नदई-मोहारा रोड स्थित मैदान में नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का शुभारंभ मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। गरबा गीतों की धुन पर रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे युवक-युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक गरबा किया। आयोजन के पहले दिन बड़ी संख्या में गरबा प्रेमियों की भागीदारी रही। आयोजन समिति ने सभी के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा है।

नवरंग गरबा नाइट ग्रुप की ओर से महोत्सव की तैयारियों के तहत दस दिनों तक निःशुल्क गरबा प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रतिदिन दो घंटे आयोजित प्रशिक्षण में सैकड़ों युवाओं और गरबा प्रेमियों ने हिस्सा लेकर गरबा के विभिन्न स्टेप सीखे। प्रशिक्षण के बाद नवरात्रि के पहले दिन से शुरू हुए महोत्सव में प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन समिति ने माता के भक्तों और गरबा प्रेमियों के लिए निःशुल्क प्रवेश पास की व्यवस्था की है, ताकि अधिक से अधिक लोग आयोजन में शामिल हो सकें।

आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग थीम, परिधानों के रंग और ड्रेस कोड के आधार पर गरबा की प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही कपल डांस, एकल बालक-बालिका नृत्य, बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांसर और आकर्षक वेशभूषा सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए सामूहिक गरबा नृत्य प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण रहेगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों तथा समूहों को पुरस्कार, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।

आयोजन समिति के सदस्य पार्थ गेंडरे, शशिकांत देवांगन, धनंजय गेंडरे, चिंटू सोनी, वत्सल गेंड्रे, मयंक सोनी, हरीश सोनवानी, सत्या लाहरे, दीपक भारती, यश चोपड़ा, प्रियांशु यादव और पप्पू यादव ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य मां दुर्गा की आराधना के साथ शहरवासियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और पारिवारिक वातावरण में गरबा का आनंद लेने का अवसर देना है।

समिति ने बताया कि नौ दिवसीय गरबा महोत्सव प्रतिदिन शाम सात बजे से रात दस बजे तक आयोजित होगा। इसमें शहर के युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।