राजनांदगांव। कमलादेवी राठी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया के मुख्य आतिथ्य, डॉ. निवेदिता लाल, प्रोफेसर भूगोल की अध्यक्षता तथा रासेयो कार्यक्रम अधिकारी रामकुमारी धुर्वा के निर्देशन एवं संचालनक में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. रेनू त्रिपाठी, सहायक प्राध्यापक गृहविज्ञान ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर व्याख्यान दिया। योग शिक्षक खिलेंद्र सोनी ने योगासनों के स्वास्थ्य पर प्रभाव तथा योग के माध्यम से तनाव प्रबंधन के बारे में जानकारी दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. निवेदिता लाल ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए रासेयो के प्रेरणापुरुष स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की बात कही।
इस अवसर पर छात्राओं ने भी विचार व्यक्त किए। प्रज्ञा बांबेश्वर ने एनएसएस के महत्व एवं आवश्यकता, जया यादव ने पर्यावरण जागरूकता तथा अंकिता जांगड़े और टेमिन सिन्हा ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य विषय पर अपने विचार रखे।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें अनन्य हाजरा, लक्ष्मी, पायल साहू, यामिनी साहू, हेमा साहू, डाली साहू, कीर्तिका, भुनेश्वरी और दामिनी सहित छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक एवं कविता प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन एवं संकलन दिव्या शर्मा ने किया।



