डोंगरगढ़। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों का सम्मान किया गया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 600 छात्र-छात्राओं और 100 शिक्षकों सहित टीम मैनेजरों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था विद्यालय में छह दिनों तक की गई।
सम्मान समारोह में विद्यार्थियों ने प्राचार्य एस. सिंह और उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल को सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान मंच संचालन और बेहतर परिणाम के लिए पीजीटी हिंदी राम कुमार चंद्र को सम्मान मिला। वहीं दूसरे स्थान के परिणाम में योगदान के लिए सब महाराणा तथा सीबीएसई बोर्ड में विद्यालय के बेहतर प्रदर्शन में योगदान के लिए पीजीटी अर्थशास्त्र जानकी उइके को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले खेल शिक्षक अनिल कुमार पाल और उमा धुर्वे का भी सम्मान किया गया।
भोजनालय के सुपरवाइजर अवध मारन सहित कुक श्यामलाल हिरवान, सोनू, नितेश, दिलीप और बेल्सिया को सम्मानित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने वाले जितेंद्र घस्ले, सूर्यकांत और अशोक नाग सहित आउटसोर्सिंग कर्मचारियों रजिया, रुक्मणी, नीलू एवं अन्य कर्मचारियों को भी प्राचार्य एस. सिंह और उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने सम्मानित किया।
उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के सभी वर्गों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। आयोजन के ओवरऑल इंचार्ज संजय कुमार मंडल रहे।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रतियोगिता नवोदय विद्यालय समिति क्षेत्रीय कार्यालय भुवनेश्वर रीजन के उपायुक्त अभिजीत बेरा और सहायक आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर के मार्गदर्शन तथा प्राचार्य एस. सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। उप प्राचार्य ने दोनों अधिकारियों के मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया। विद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता में सहभागिता निभाने वाले सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



