Home छत्तीसगढ़ लालूटोला में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया ईद-मिलादुन्नबी

लालूटोला में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया ईद-मिलादुन्नबी

2
0

छुरिया। इस्लाम धर्म के संस्थापक और पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (जन्मदिन) को यादगार बनाने के लिए क्षेत्र के मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद-मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत, एहतराम और बेहद उत्साह के साथ मनाया। इस मुबारक मौके पर छुरिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम लालूटोला में अकीदतमंदों द्वारा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें शामिल लोगों ने पैगम्बर साहब की शान में नात-ख्वानी करते हुए नारे बुलंद किए।

पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में सुबह से ही विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर लालूटोला स्थित मस्जिद को आकर्षक और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया गया था।

मस्जिद परिसर में मुख्य कार्यक्रम के दौरान हाफिज निशार अहमद अंसारी साहब द्वारा अकीदत के साथ परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी गई।

नमाज व जुलूस के उपरांत मुस्लिम समाज के लोगों ने मुसाफहा कर और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। पर्व की खुशी में घर-घर में लज़ीज पकवान व खीर बनाई गई, जिसकी महक से फिजा सराबोर रही। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने भी एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशियां बांटीं।

लालूटोला में आयोजित इस रूहानी व रवायती आयोजन के दौरान जमात के सदर रोशन खान, अकबर खान, हाजी रफीक खान सहित बड़ी संख्या में जमाती व स्थानीय ग्रामीण अकीदतमंद प्रमुख रूप से मौजूद रहे।