Home खेल जोश, जुनून और जीत के साथ संपन्न हुई क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता

जोश, जुनून और जीत के साथ संपन्न हुई क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता

2
0

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में आयोजित क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026 का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में 30 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 289 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 189 बालिकाएं और 100 बालक शामिल रहे। खिलाड़ियों के साथ 39 अनुरक्षक भी पहुंचे थे।

दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। प्रतिभागियों ने तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में गोंदिया से आए राष्ट्रीय स्तर के रेफरी, विद्यालय के खेल शिक्षक अनिल कुमार पाल, खेल शिक्षिका उमा धुर्वे, पहलाद मरकाम और विद्यालय के कोच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खिलाड़ियों की आवास व्यवस्था में राम कुमार चंद्र, दादू राम, रोशन, सुनील कुमार, सचिन पटवा, डीसी चौरसिया, वरिष्ठ शिक्षिका जानकी उइके, कंचन राठौर, शशि भूषण महाराणा, सुनील कुमार वर्मा, दिव्या जैन, रीना सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।

कार्यक्रम प्रभारी एवं विद्यालय के उपप्राचार्य संजय कुमार मंडल ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा से आए सभी प्रतिभागियों, टीम प्रबंधकों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों ने भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।

जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में आगामी 1 से 5 सितंबर तक राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ की विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी हैं।