राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र के ग्राम बन नवागांव निवासी समाजसेवी डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू को 14 अगस्त को रायपुर में प्राइड ऑफ भारत अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित अखिल भारतीय प्रतिभा महासम्मेलन एवं राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उन्हें यह सम्मान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए प्रदान किया जाएगा।
डॉ. साहू पिछले करीब 20 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और सामाजिक चेतना के लिए वे लगातार कार्य कर रहे हैं। वे अल्वा फाउंडेशन, नई दिल्ली के चेयरमैन के रूप में वंचित वर्गों के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों से जुड़े हैं। इसके अलावा साहू समाज संघ के कार्यकारी सदस्य के रूप में भी सामाजिक उत्थान और समरसता के लिए कार्य कर रहे हैं।
डॉ. साहू वैशाखीन देवी एजुकेशन एंड हेल्थ चैरिटेबल ट्रस्ट, नागपुर के संस्थापक भी हैं। ट्रस्ट के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा में सहयोग तथा जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू को उनके सामाजिक कार्यों के लिए पहले भी विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2002 में उन्हें जिला युवा अवार्ड मिला था। इसके बाद मुंबई में भारत गौरव पुरस्कार और दिल्ली में अखिल भारतीय स्तर का एजेक्टिव अवार्ड भी प्रदान किया गया। अब रायपुर में उन्हें प्राइड ऑफ भारत अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार 14 अगस्त को होने वाला राष्ट्रीय महासम्मेलन शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य, कला, संस्कृति, समाजसेवा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में वीर जवानों एवं शहीद परिवारों का सम्मान, प्रतिभा सम्मान, राष्ट्रनिर्माण एवं समाज-जागरण पर प्रबोधन सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और ग्रंथ लोकार्पण भी प्रस्तावित हैं।
समारोह 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। डॉ. साहू के सम्मान की खबर से राजनांदगांव के सामाजिक क्षेत्र में भी उत्साह है।



