Home छत्तीसगढ़ बिजली विभाग की वसूली फूल और जनता के घरों की बत्ती गुल...

बिजली विभाग की वसूली फूल और जनता के घरों की बत्ती गुल : आसिफ अली

3
0

राजनांदगांव। कांग्रेस नेता आसिफ अली ने प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर भाजपा सरकार और विद्युत विभाग पर तीखा हमला बोला है।
आसिफ अली ने तंज कसते हुए कहा कि आज राज्य में एक नया ट्रेंड चल रहा है-बिजली विभाग की वसूली फूल और जनता के घरों की बत्ती गुल!
आसिफ अली ने आंकड़ों का हवाला देते हुए आगे कहा कि जो छत्तीसगढ़ खुद को पावर सरप्लस राज्य कहता है, वह आज खुद अंधेरे से जूझ रहा है। प्रदेश के पावर प्लांट्स की कुल विद्युत क्षमता 30 हजार मेगावाट है, जिसमें अकेले ताप विद्युत संयंत्रों की क्षमता 24 हजार मेगावाट है। इसके बावजूद, दूसरे राज्यों को बिजली बेचने वाले छत्तीसगढ़ में खुद अपने ही लोगों के लिए बिजली न सिर्फ महंगी है, बल्कि इसके दर्शन भी दुर्लभ हो गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारी बिल वसूलने में तो सुपर फास्ट हैं, लेकिन निर्बाध सप्लाई के मामले में पैसेंजर ट्रेन बन जाते हैं। आसिफ अली ने कहा कि देश के टॉप कोयला और बिजली उत्पादक राज्य में घरेलू दरों में लगातार बढ़ोत्तरी कर जनता को लूटा जा रहा है।
इस संकट के पीछे बड़े खेल की आशंका जताते हुए आसिफ अली ने कहा कि एक तरफ जनता अघोषित कटौती से परेशान है, तो दूसरी तरफ भाजपा नेता पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का फॉर्म लेकर घरों की ओर दौड़ रहे हैं। आसिफ अली ने सीधा सवाल उठाया कि जनता यह नहीं समझ पा रही है कि यह रोज-रोज का अंधेरा वाकई कोई तकनीकी खराबी है या फिर कंपनियों के सोलर चमकाओ अभियान को सुपरहिट बनाने की सोची-समझी प्लानिंग!
अंत में, आसिफ अली ने सरकार से मांग की है कि बिजली दरों की समीक्षा कर जनता को महंगी दरों से राहत दी जाए और प्रदेश में निर्बाध व सस्ती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।