अम्बिकापुर, 07 जून 2026 / जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को ’’संडे ऑन साइकिल’’ रैली का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता एवं फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों सहित लगभग 300 साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली को नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य श्री शशिकांत जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो ने घड़ी चैक से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली घड़ी चैक से प्रारंभ होकर महामाया चैक, गुरुनानक चैक, लरंगसाय चैक एवं गांधी चैक होते हुए पुनः घड़ी चैक पहुंचकर सम्पन्न हुई। अतिथियों ने स्वयं भी रैली में सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर नियमित साइकिलिंग एवं खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि साइकिलिंग न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि यह स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का भी प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री रामकुमार सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के उप संचालक श्री पीताम्बर दीवान, माई भारत के जिला युवा अधिकारी श्री प्रिन्स सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री विकास सिंह, आईसीआईसीआई बैंक के प्रबंधक श्री रमेश चन्द्रा, जिला पंचायत की लेखा अधिकारी श्रीमती महामाया ओझा सहित पुलिस, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। यातायात प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा रैली के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम का संचालन श्री राकेश मिश्रा एवं सुश्री सुनीता दास ने किया।



