अभिनेता शाहरुख खान के चोटिल होने की खबरें सामने आईं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि एक्टर अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान घायल हो गए। कहा गया कि यह हादसा मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान हुआ, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अमेरिका ले जाया गया। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया कि फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है और अब अगला शेड्यूल सितंबर या अक्टूबर में शुरू होगा।
हालांकि, इस खबर को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। न ही शाहरुख खान और न ही फिल्म से जुड़ी टीम ने इस पर कोई बयान दिया है।
फिल्म से जुड़े सूत्र ने दी जानकारी
इसी बीच अमर उजाला ने फिल्म ‘किंग’ से जुड़े एक सूत्र से जानकारी हासिल की, जिसने इन दावों को गलत बताया। सूत्र ने कहा, ‘किसी को कोई चोट नहीं लगी। यह सब झूठ है। पता नहीं लोग बिना कन्फर्म किए कैसे ऐसी चीजें फैला रहे हैं।’
हमने 24 जून को शूट खत्म कर दिया था
उन्होंने आगे बताया, ‘उस स्टूडियो में शूटिंग खत्म किए अब एक महीने से ऊपर हो चुका है। फिल्म की शूटिंग बढ़िया तरीके से हुई थी। कहीं किसी को कोई परेशानी नहीं हुई न कोई चोट आई। हमने वहां 29 मई से 12 जून तक शूट किया और इसके बाद टीम महबूब स्टूडियो शिफ्ट हुई, जहां 24 जून को शूटिंग का आखिरी दिन था।’
सूत्र ने आगे कहा, ‘उसके बाद से हम अब तक शाहरुख के साथ तीन बड़े शेड्यूल शूट कर चुके हैं। अब विदेशी लोकेशन पर शूटिंग होगी और फिर नवंबर-दिसंबर में भारत में फिर से शूटिंग होगी।’
‘किंग’ के सेट पर तो कुछ नहीं हुआ
जब हमने सूत्र से पूछा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि शाहरुख को किसी और फिल्म के सेट पर चोट लगी हो? तो उन्होंने कहा, ‘अगर शाहरुख को वाकई कोई चोट लगी भी है, तो वो फिल्म ‘किंग’ के सेट पर तो नहीं लगी है। खासकर गोल्डन टोबैको स्टूडियो में तो बिल्कुल भी नहीं। इस फिल्म के सेट पर तो अब तक कुछ नहीं हुआ है।’
फिलहाल, अभिनेता या प्रोडक्शन हाउस की ओर से इस बारे में कोई ऑफिशियल रिएक्शन नहीं दिया गया है।
शाहरुख खान का वर्कफ्रंट
शाहरुख खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो फिलहाल अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ की तैयारियों में जुटे हैं, जिसमें उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इसके अलावा शाहरुख ‘पठान 2’ और ‘टाइगर वर्सेज पठान’ जैसी यशराज फिल्म्स स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्मों का हिस्सा भी होंगे।



