Home खेल प्रिंस गिल से डरे अंग्रेज, इंग्लैंड के इस दिग्गज क्रिकेटर ने कहा-...

प्रिंस गिल से डरे अंग्रेज, इंग्लैंड के इस दिग्गज क्रिकेटर ने कहा- हमें उनका जवाब ढूंढना ही होगा

34
0

एजबेस्टन में भारत से करारी हार के बाद इंग्लैंड की टीम को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। लीड्स में पहले टेस्ट में जीत के बाद अतिआत्मविश्वास इंग्लैंड की टीम को ले डूबा। अंग्रेजों ने भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों को कम आंकने की गलती की और यह उन पर भारी पड़ा। खासतौर पर इंग्लिश टीम के पास शुभमन गिल का कोई जवाब नहीं दिखा, जिन्होंने दोनों पारियों में शतक जड़े। अब 10 जुलाई से लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क बुचर ने कहा है कि बेन स्टोक्स की टीम को अगर जीत हासिल करनी है तो गिल का जवाब ढूंढना होगा। गिल के तकनीकी रूप से मजबूत खेल और शांत स्वभाव ने बुचर पर काफी प्रभाव डाला है। उनका मानना कि भारतीय टेस्ट कप्तान ने विराट कोहली के चौथे नंबर को आसानी से अपने नाम कर लिया है।

गिल, राहुल और यशस्वी से प्रभावित दिखे बुचर
भारत-इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में कमेंट्री कर रहे बुचर, गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल से काफी प्रभावित हैं। ये तीनों ही बल्लेबाज 10 जुलाई से लार्ड्स में शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट से पहले शतक जड़ चुके हैं। गिल के शानदार प्रदर्शन में तीन शतक शामिल हैं और उन्होंने सिर्फ दो टेस्ट मैच में अपने बल्लेबाजी औसत को लगभग 35 से 42 से अधिक तक पहुंचा दिया है। बुचर ने कहा कि कप्तान के तौर पर अपनी पहली सीरीज में गिल ने जो किया है वह बेहद खास है।

‘भारतीय कप्तान पर काफी दबाव होता है…’
बुचर ने कहा, ‘ऐसा कोई खेल या टीम नहीं है, जिनके कप्तानों को वह दबाव झेलना पड़तो हो, जितना दबाव भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान को झेलना पड़ता है, जब उनकी समीक्षा होती है। यह तो बताने की जरूरत नहीं कि गिल कोहली की जगह भर रहे हैं या तेंदुलकर की जगह।’ इंग्लैंड के लिए 1997 से 2004 के बीच 71 टेस्ट मैच खेलने वाले 52 वर्षीय पूर्व बुचर ने कहा, ‘कप्तानी और नंबर-चार पर बल्लेबाजी करना, दोनों में ही काफी अधिक दबाव हैं। और अब तक गिल ने इसे काफी आसानी से अपनाया है। वह बेहद की सहज और धैर्यवान नजर आते हैं।’

‘गिल ने तकनीकी रूप से बहुत सुंदर खेल दिखाया’
सीरीज से पहले गिल के रवैये और तकनीक पर कुछ सवाल थे, लेकिन इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने चार पारियों में 585 रन बनाकर इस बहस को निकट भविष्य के लिए बंद कर दिया है। बुचर ने कहा, ‘और तकनीकी रूप से उन्होंने बहुत ही खूबसूरती से खेला है। इसलिए सीरीज की शानदार शुरुआत हुई है। मेरा मतलब है कि हो सकता है कि इस सीरीज के अंत तक उनके पास कुछ रिकॉर्ड हों। उन्होंने पहले ही काफी रन बना लिए हैं। तो उनके पास क्या है? सीरीज में पहले ही 600 के करीब रन बना चुके हैं। यह एक अविश्वसनीय शुरुआत रही है।’

बुचर ने राहुल की जमकर तारीफ की
बुचर ने कहा, ‘इंग्लैंड को मध्य क्रम में उनका तोड़ ढूंढना होगा क्योंकि जब आप शुरुआती तीन या चार बल्लेबाजों को आउट कर देते है तो निचले क्रम को समेटना थोड़ा आसान हो जाता है।’ बुचर राहुल से काफी प्रभावित हैं जिन्होंने पिछले 24 महीनों में बल्लेबाजी क्रम में शीर्षक्रम और मध्यक्रम, दोनों जगह अच्छा प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा के संन्यास के बाद जायसवाल और राहुल की सलामी जोड़ी तुरंत हिट हो गई है। बुचर ने कहा, ‘मैंने राहुल को खेलते देखा है, हम इंग्लैंड में 2021 की सीरीज में वापस जाते हैं और उन्होंने रोहित के साथ शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी की थी।’

‘यशस्वी एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाला खिलाड़ी’
उन्होंने कहा, ‘तो तकनीकी रूप से वह शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी के लिए बहुत उपयुक्त दिखते हैं। यह तथ्य है कि वह अब लंबे समय तक चलने वाले बल्लेबाज हैं। उम्मीद है कि ओपनिंग करते हुए उनका औसत बहुत जल्द 40 से ऊपर चला जाएगा क्योंकि तकनीकी रूप से वह शानदार हैं।’ बुचर ने कहा, ‘मुझे राहुल को बल्लेबाजी करते हुए देखना बहुत पसंद है। और यशस्वी एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाली प्रतिभा है। नंबर तीन भारत के लिए थोड़ा मुश्किल है। पहले टेस्ट के बाद साई सुदर्शन के लिए खुद को बाहर पाना थोड़ा कठिन था। और अब करुण नायर को सीरीज के दौरान तीन, चार असफलताएं मिलीं हैं।’