➤ गांजा छिपाने के लिए कार में बनाया था विशेष वेल्डेड चौंबर
➤ 34 किलो गांजा समेत ₹11.90 लाख का माल जब्त
कवर्धा। नए साल के पहले दिन जिले की चिल्फी पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और विशेषज्ञता के आधार पर कार की पिछली सीट के नीचे बनाई गया सीक्रेट चैंबर से 34.320 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। जब्त गांजा की कीमत ₹6, 70, 000 है। इसके साथ ही पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक मारुति सुजुकी कार भी जब्त की, जिसकी कीमत ₹5,00,000 बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के निर्देशन, और डीएसपी कवर्धा कृष्ण कुमार चंद्राकर के नेतृत्व में गांजा तस्करी के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत चिल्फी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उड़ीसा से राजस्थान गांजा की तस्करी के लिए दो लोगों द्वारा एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी कार में यात्रा करने की सूचना मुखबीर से मिलते ही चिल्फी पुलिस
चिल्फी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की। यहां पुलिस ने वाहन रोका और उसकी गहन तलाशी शुरू की। पुलिस की सावधानी और तत्परता के चलते तस्करों की एक हाई-टेक साजिश का पर्दाफाश हुआ।
चिल्फी थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर ने बताया कि तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे एक अत्यंत सटीक और खास डिजाइन किया हुआ सीक्रेट चौंबर छिपा हुआ था। यह चैंबर इस प्रकार वेल्डिंग किया गया था कि सामान्य जांच में इसका पता लगाना संभव नहीं था और उसमें गांजा आसानी से छिपाया जा सके। फिर भी, चिल्फी पुलिस की मुस्तैदी और विशेषज्ञता ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। कार के इस सीक्रेट चैंबर से 34.320 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत ₹6,70,000 है। इसके साथ ही पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक मारुति सुजुकी कार भी जब्त की, जिसकी कीमत ₹5,00,000 है। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार बिसनोई (20 वर्ष), पिता भजन लाल बिसनोई, निवासी ग्राम कोजा, थाना धोरीमना, जिला बाड़मेर, राजस्थान और रामचंद्र जाट (28 वर्ष), पिता दुर्गा राम, निवासी ग्राम कालीमाली, थाना फलोदी, जिला फलोदी, राजस्थान हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन हर तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर रखे हुए है, और किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से तस्करी करने वालों को एक स्पष्ट संदेश मिलता है कि कानून से बचना अब असंभव है। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।



