Home खेल पहले दिन का खेल खत्म, बुमराह-कोंस्टास की टक्कर से मैच हुआ रोमांचक,...

पहले दिन का खेल खत्म, बुमराह-कोंस्टास की टक्कर से मैच हुआ रोमांचक, भारत से 176 रन पीछे ऑस्ट्रेलिया

75
0

सिडनी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। भारत ने पहली पारी में 185 रन बनाए थे। जवाब में स्टंप तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में एक विकेट गंवाकर नौ रन बना लिए हैं। दिन के खेल की अंतिम गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने उस्मान ख्वाजा को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। ख्वाजा के आउट होने के साथ ही स्टंप की घोषणा कर दी गई। वह दो रन बना सके। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल 176 रन पीछे चल रही है। फिलहाल क्रीज पर सैम कोंस्टास सात रन बनाकर नाबाद हैं।
पहली पारी में सस्ते में आउट होने के बाद कोंस्टास और ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया पारी का आगाज किया। कोंस्टास ने एक चौका लगाकर टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन बुमराह ने ख्वाजा को आउट कर भारतीय कैंप को खुश होने का मौका दिया। ऑस्ट्रेलियाई पारी के तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद के बाद बुमराह जैसी ही रन अप लेने लगे, तभी ख्वाजा ने रुकने का इशारा किया। ख्वाजा ने चाल चलते हुए खेल को धीमा करने की कोशिश की। बुमराह ने इसका विरोध किया, क्योंकि भारत ज्यादा से ज्यादा ओवर करना चाहता था। ख्वाजा के ऐसा करने से बुमराह नाखुश दिखे। इस पर नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े कोंस्टास भड़क गए और उन्होंने बुमराह से कुछ कहा। इस पर बुमराह ने भी कोंस्टास को करारा जवाब दिया और उनकी ओर बढ़े। हालांकि, अंपायर ने बीच बचाव किया और दोनों को अलग किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर बुमराह ने ख्वाजा को कैच आउट कर दिया। जैसे ही ख्वाजा आउट हुए। पूरी भारतीय टीम ने कोंस्टास को घेर लिया और एकसाथ चीयर किया। कोंस्टास चुप चाप वहां से चले गए। बुमराह भी विकेट लेने के बाद कोंस्टास की तरफ मुड़े लेकिन फिर चुप हो गए।
इससे पहले, भारत की पहली पारी 185 रन पर सिमट गई थी। भारतीय टीम 72.2 ओवर ही खेल सकी। टीम के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 26 रन, कप्तान जसप्रीत बुमराह ने 22 रन, शुभमन गिल 20 रन, विराट कोहली 17 रन और यशस्वी जायसवाल 10 रन बना सके। इनके अलावा बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। केएल राहुल चार रन, प्रसिद्ध कृष्णा तीन रन और मोहम्मद सिराज तीन रन बना सके। नीतीश रेड्डी खाता नहीं खोल सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्कॉट बोलैंड ने चार विकेट झटके, जबकि मिचेल स्टार्क को तीन विकेट मिले। पैट कमिंस ने दो विकेट लिया, जबकि नाथन लियोन को एक विकेट मिला।