रथयात्रा पर युवाओं ने रोपे पौधे
प्रकृति प्रभावित होगी तो जीवन प्रभावित होगा- छगन
उतई/दुर्ग. भारत की सांस्कृतिक धरोहर एवं विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के पावन पर्व पर शौर्य संगठन के बैनर तले कोड़िया के युवाओं ने स्वयं और समाज के लिए रविवार थीम पर पौधरोपण किया।
शौर्य संगठन के पर्यावरण संरक्षण एवं कुरीति उन्मूलन विभाग प्रमुख आनंद निषाद ने बताया शौर्य संगठन पिछले ढेड़ दशक से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत हैं। इस कार्य के लिए समय समय पर विभिन्न वर्गों के लोगों को साथ लेकर कार्यक्रम आयोजित करते हैं। ग्राम में एक परिवार एक पौधा अभियान के अंतर्गत पुरखौती उपवन का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही ग्राम के अन्य हिस्सों में भी अभियान चलाकर पौधरोपण सहित अन्य पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
ग्राम के कई युवा जो सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग हैं लेकिन दुरस्त कार्यक्षेत्र होने के कारण शामिल नहीं हो पाते उनके लिए एक विशेष अभियान स्वयं एवं समाज के लिए रविवार की शुरुआत की गई हैं। इस अभियान के तहत नौकरीपेशा एवं दुरस्त क्षेत्रों में कार्य करने वाले युवाओं को आमंत्रित कर प्रत्येक रविवार को सामाजिक सहभागिता को सुनिश्चित करने कार्यक्रम किये जायेंगे। आनंद निषाद ने आगे कहा पेड़ों की कमी के कारण पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से जूझ रहा है। इस समस्या से निजात पाने के लिए पौधरोपण सुपर हीरो की तरह कार्य करेगा। इसी के तहत पिछले 3 सप्ताह से ग्राम के मुख्य व सहायक मार्गों को हराभरा करने पौधरोपण किया जा रहा है।
दुर्ग कलेक्टर स्टेनो दीपक यादव ने रथयात्रा की बधाई देते हुए कहा रथयात्रा पर्व धार्मिकता के साथ प्राकृतिक महत्व से परिपूर्ण है। इसके प्रत्येक दिन के रस्म हमें प्रकृति से जुड़ने की शिक्षा देती है और इसी सीख के आधार पर हम युवाओं को गांव के साथ साथ सम्पूर्ण देश को हराभरा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
स्मार्ट क्लिक स्टूडियो संचालक छगन साहू ने कहा कि पेड़-पौधों के अंधाधुंध कटाई से प्रदूषण फैल रहा है। बढ़ते प्रदूषण से प्रकृति खतरे में हैं। प्रकृति जीवन जीने के लिए सभी जीव को हर जरूरी चीज उपलब्ध कराती है। ऐसे में अगर प्रकृति प्रभावित होगी तो जीवन प्रभावित होगा। प्रकृति को हरा भरा रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाना चाहिए।
इस अभियान को मूर्तरूप देने के लिए शौर्य संगठन पर्यावरण संरक्षण विभाग प्रभारी व ई-जोन चॉइस सेंटर संचालक आनंद निषाद, दुर्ग कलेक्टर स्टेनो दीपक यादव, गजानंद पेंट्स रिसाली संचालक तोपेन्द्र साहू, इंटीरियर डिजाइनर चिरंजीव निषाद, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल सुरडोंगर व्याख्याता ईशु साहू, स्मार्ट क्लिक स्टूडियो संचालक छगन साहू, शौर्य संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज, मेहुल निषाद व धावी साहू सहित शौर्य संगठन के पदाधिकारियों का विशेष योगदान है।


